Movie prime

UP Election 2027: जयंत चौधरी का बड़ा गेमप्लान, BJP की तर्ज पर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करेगी RLD

 
UP Election 2027: जयंत चौधरी का बड़ा गेमप्लान, BJP की तर्ज पर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करेगी RLD
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Lucknow : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय बाकी है, लेकिन प्रदेश की सियासत में इसकी तैयारियां तेज होती दिख रही हैं। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने पार्टी संगठन को लेकर नई रणनीति का खाका सामने रखा है। अब RLD सिर्फ बड़ी रैलियों और प्रमुख नेताओं के भरोसे चुनावी मैदान में उतरने के बजाय बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करने की तैयारी में है।

लखनऊ सम्मेलन में 2027 का ब्लूप्रिंट

लखनऊ में आयोजित पार्टी के अहम सम्मेलन में जयंत चौधरी ने कार्यकर्ताओं के सामने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक रणनीति रखी। पार्टी का फोकस अब ग्रासरूट नेटवर्क मजबूत करने पर रहेगा।

इसके लिए ‘टीम RLD’ तैयार की जा रही है, जिसका संगठनात्मक ढांचा राज्य स्तर से लेकर जिला, गांव और वार्ड तक बनाया जाएगा।

राज्य से गांव तक बनेगा संगठन

नई व्यवस्था में संगठन को एक पिरामिड स्ट्रक्चर में मजबूत करने की तैयारी है। इसमें राज्य स्तर के नेतृत्व के बाद जिला संयोजक और जिला कार्यकारी समिति की भूमिका होगी। सबसे निचले स्तर पर गांव और वार्ड संपर्क सूत्रों के साथ कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे।

पार्टी की कोशिश है कि संगठन का सीधा संपर्क हर गांव, वार्ड और मतदान केंद्र तक स्थापित हो।

जिला संयोजकों के हाथ में बड़ी जिम्मेदारी

‘टीम RLD’ में जिला संयोजक को अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। वह जिले में पार्टी के संगठनात्मक अभियान का नेतृत्व करेगा और सांसदों, विधायकों तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर जिला कार्यकारी समिति तैयार करेगा।

यही टीम पार्टी के कार्यक्रमों और नेतृत्व के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ चुनाव के दौरान बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का काम करेगी।

युवाओं को जोड़ने पर जोर

RLD अपनी नई रणनीति में युवा और नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने पर भी विशेष जोर दे रही है। पार्टी का मानना है कि नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन में नई ऊर्जा लाई जा सकती है।

BJP के बूथ मॉडल की तर्ज पर रणनीति?

जयंत चौधरी की इस रणनीति को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। RLD अब BJP के चर्चित माइक्रो मैनेजमेंट और बूथ स्तर के संगठनात्मक मॉडल की तर्ज पर अपने कार्यकर्ताओं का नेटवर्क मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ती नजर आ रही है।

पार्टी का लक्ष्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने पारंपरिक आधार को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी संगठन की पहुंच बढ़ाना है।