UP चुनाव से पहले भाजपा ने काशी की कमान रमेश सिंह को सौंपी, जानिए किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
वाराणसी: अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में लाना शुरू कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को छह क्षेत्रीय प्रभारियों के साथ सात मोर्चों के प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति की। नई जिम्मेदारियों में क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है। इसके साथ ही पार्टी ने मीडिया, विस्तारक योजना और ‘मन की बात’ कार्यक्रम से जुड़ी जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं।
काशी क्षेत्र की कमान रमेश सिंह को
हाल में प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए रमेश सिंह को काशी क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। काशी क्षेत्र से जुड़े प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी को किसान मोर्चा का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं संगठन अभिजात मिश्रा को गोरक्ष क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य को ब्रज और प्रदेश महामंत्री शंकर लोधी को कानपुर क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है।
सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों का रखा गया ध्यान
प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी नियुक्तियों में संगठन के साथ-साथ सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को भी ध्यान में रखा गया है। पार्टी की कोशिश इन नियुक्तियों के जरिए क्षेत्रीय संगठनों के साथ समन्वय मजबूत करने और चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की है। क्षेत्रीय प्रभारी प्रदेश संगठन और क्षेत्रीय, जिला व मंडल स्तर के संगठन के बीच समन्वय की अहम कड़ी के तौर पर काम करेंगे।
सात मोर्चों की जिम्मेदारी भी तय
भाजपा ने मुख्यालय स्तर पर सात मोर्चों के प्रभारियों की भी घोषणा कर दी है। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा और प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी को किसान मोर्चा और प्रदेश महामंत्री संजय राय को पिछड़ा मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
गोविंद नारायण शुक्ला को फिर मिली मुख्यालय की जिम्मेदारी
विधान परिषद सदस्य और पूर्व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को एक बार फिर मुख्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वह इससे पहले भी संगठन में महामंत्री रहते हुए मुख्यालय प्रभारी की भूमिका निभा चुके हैं। उनकी दोबारा नियुक्ति को संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के तौर पर देखा जा रहा है।
क्षेत्रीय संगठन से लेकर बूथ तक नजर रखेंगे प्रभारी
चुनावी तैयारियों के लिहाज से क्षेत्रीय प्रभारियों की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है। प्रभारी क्षेत्रीय, जिला और मंडल स्तर के संगठन की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे।
इसके अलावा बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाना और सामाजिक संपर्क अभियानों को प्रभावी बनाना भी उनकी जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा। मोर्चा प्रभारियों के जरिए भाजपा अलग-अलग सामाजिक समूहों तक पहुंच बढ़ाने और पिछड़े, दलित तथा अन्य सामाजिक वर्गों के बीच संगठन की पकड़ मजबूत करने पर जोर देगी।
यतेंद्र शर्मा बने भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना का संयोजक बनाया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना मिश्रा को ‘मन की बात’ का संयोजक और प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि को ‘मन की बात’ का सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। भाजपा की इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय और चुनावी रणनीति के अनुरूप मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
