Movie prime

सिंगापुर दौरे में यूपी को बड़ी उपलब्धि: इन्वेस्ट यूपी–एससीई समझौता, जेवर में 4458 करोड़ के दो मेगा प्रोजेक्ट
 

 
 सिंगापुर दौरे में यूपी को बड़ी उपलब्धि: इन्वेस्ट यूपी–एससीई समझौता, जेवर में 4458 करोड़ के दो मेगा प्रोजेक्ट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ I सिंगापुर दौरे पर गए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में राज्य की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी Invest UP और सिंगापुर सरकार के हितों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था Singapore Cooperation Enterprise (एससीई) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता उत्तर प्रदेश में संस्थागत क्षमता और नीतिगत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी स्थापित करेगा।

सतत विकास और औद्योगिक प्रतिस्पर्धा पर जोर

एमओयू के तहत दोनों पक्ष विषयगत ज्ञान के आदान-प्रदान, तकनीकी सहयोग और परामर्श सेवाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश में सतत आर्थिक विकास, औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मकता, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और आधुनिक अवसंरचना के विकास को गति देंगे।

समझौते के अंतर्गत स्टडी विजिट्स, लीडरशिप डेलिगेशन, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही तकनीकी परियोजनाओं की संयुक्त रूपरेखा तैयार कर उन्हें लागू किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर विशिष्ट परियोजनाओं के लिए अलग से लिखित समझौते किए जाएंगे, जिनमें कार्यक्षेत्र, समयसीमा और वित्तीय प्रावधान स्पष्ट होंगे। दो माह के भीतर विस्तृत परियोजना समझौतों पर वार्ता शुरू कर छह माह के भीतर उन्हें अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा गया है।

इस साझेदारी से उत्तर प्रदेश को सिंगापुर के प्रशासनिक अनुभव, शहरी नियोजन, औद्योगिक क्लस्टर विकास, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता का लाभ मिलेगा। इसे राज्य की वैश्विक सहभागिता और लॉन्ग टर्म विजन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

जेवर एयरपोर्ट पर एआई सैट्स का 4458 करोड़ निवेश

दौरे के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश सरकार ने एविएशन सर्विस सेक्टर की अग्रणी कंपनी AISATS के साथ भी एक अहम एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत गौतमबुद्ध नगर स्थित Noida International Airport (जेवर एयरपोर्ट) पर दो प्रमुख परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी—एक अत्याधुनिक कार्गो कैंपस और दूसरा विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन। इन दोनों परियोजनाओं में कंपनी 4458 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

नॉर्थ इंडिया का कार्गो हब बनेगा जेवर

एमओयू के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट परिसर में बनने वाला कार्गो कैंपस उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एयर फ्रेट और लॉजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और कृषि उत्पादों जैसे क्षेत्रों के निर्यात-आयात को नई गति मिलेगी। मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के साथ विकसित हो रहा जेवर एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय व्यापार का रणनीतिक हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन की स्थापना

दूसरी परियोजना के तहत स्थापित होने वाली अत्याधुनिक एयर कैटरिंग किचेन जेवर एयरपोर्ट से संचालित उड़ानों को उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराएगी। यहां तैयार भोजन की आपूर्ति उत्तर भारत के अन्य एयरपोर्ट्स पर भी की जाएगी। इससे फूड प्रोसेसिंग और सप्लाई चेन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी तथा हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

रणनीतिक दृष्टि से अहम दौरा

मुख्यमंत्री का यह सिंगापुर दौरा वैश्विक निवेशकों को उत्तर प्रदेश की संभावनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एविएशन, लॉजिस्टिक्स और सर्विस सेक्टर में हुए ये समझौते राज्य को अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मानचित्र पर और मजबूत स्थिति में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होंगे।