UP में 9 IAS अफसरों का ट्रांसफर, अनुराग यादव से लेकर सौम्या गुरुरानी तक कई अधिकारियों को नई पोस्टिंग
उत्तर प्रदेश सरकार ने 9 IAS अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। अनुराग यादव को समाज कल्याण, आलोक कुमार तृतीय को आईटी का अतिरिक्त प्रभार मिला है। कई अन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न विभागों में नई तैनाती लागू हुई है।
UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 9 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस बदलाव के तहत कई अधिकारियों को नई तैनाती के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं।
अनुराग यादव को नई जिम्मेदारी
सरकार ने अनुराग यादव को प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स के पद से हटाकर प्रमुख सचिव, समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है।
आलोक कुमार तृतीय को अतिरिक्त प्रभार
आलोक कुमार तृतीय, जो वर्तमान में नियोजन एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के प्रमुख सचिव हैं, उन्हें उनके वर्तमान पद के साथ प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
एम देवराज और सौरभ बाबू को भी नई जिम्मेदारियां
एम देवराज को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के साथ-साथ महानिदेशक, उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंध अकादमी (उपाम) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं सौरभ बाबू को ग्राम्य विकास विभाग के साथ महानिदेशक, दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
अन्य अधिकारियों में भी बदलाव
- रवि रंजन (एमडी यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन व यूपी एग्रो) को विशेष सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बनाया गया।
- टीके शिबु को एपीसी शाखा के विशेष सचिव के साथ यूपी एग्रो का प्रबंध निदेशक बनाया गया।
- प्रतीक्षारत हिमांशु कौशिक को यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया।
- सौम्या गुरुरानी को नगर आयुक्त, शाहजहांपुर बनाया गया।
- डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा को नगर आयुक्त शाहजहांपुर से हटाकर अपर प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की जिम्मेदारी दी गई है।
