UP: धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर मौलाना रजवी की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा- ज्ञानवापी मस्जिद है और कयामत तक रहेगी
वाराणसी: ज्ञानवापी मामले को लेकर बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के हालिया बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मौलाना रजवी ने स्पष्ट कहा कि ज्ञानवापी एक मस्जिद है और इसे “कलंक” कहना पूरी तरह गलत है। उन्होंने दो टूक कहा कि मस्जिद के नाम पर किसी भी तरह का समझौता संभव नहीं है और “कयामत तक उस पर भगवा झंडा नहीं लहराया जा सकता।”
उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को सलाह दी कि वे बहुसंख्यक समुदाय को न उकसाएं और न भड़काएं। मौलाना ने यह भी याद दिलाया कि ज्ञानवापी का मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है, जहां हिंदू और मुस्लिम दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलीलें पेश कर रहे हैं। ऐसे में अदालत का फैसला ही अंतिम और सभी के लिए मान्य होगा।
मौलाना रजवी ने आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी का उद्देश्य चल रहे मुकदमे को प्रभावित करना हो सकता है। उन्होंने अदालत से स्वत: संज्ञान लेने की मांग करते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री को तलब कर उनसे भड़काऊ बयान देने का कारण पूछा जाना चाहिए।
शरीयत का हवाला देते हुए मौलाना ने कहा कि किसी भी मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाना इस्लाम में स्वीकार्य नहीं है और शरीयत इसकी अनुमति नहीं देती। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के दावों को पूरी तरह झूठा बताया।
उन्होंने दोहराया कि ज्ञानवापी से जुड़ा मामला अदालत में चल रहा है और रोजाना सुनवाई हो रही है। ऐसे में सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए और अदालत के अंतिम निर्णय का इंतजार करना चाहिए।
