UP: ग्रीन एनर्जी, नवाचार और सांस्कृतिक सहयोग को नई गति, अप्रैल-मई में जापान में होगा यूपी फूड फेस्टिवल
लखनऊ: भारत-जापान के बीच मजबूत होती रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जापान के यामानाशी प्रांत के उप-राज्यपाल जुनिची इशिडोरा के नेतृत्व में आए आठ सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तर प्रदेश और यामानाशी प्रांत के बीच औद्योगिक सहयोग, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, क्षमता निर्माण तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत-जापान संबंध केवल कूटनीतिक स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये साझा मूल्यों, विश्वास और सतत विकास की भावना पर आधारित हैं। उत्तर प्रदेश इस रणनीतिक साझेदारी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्यरत है। बैठक में वर्ष 2024 में दोनों पक्षों के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। यह एमओयू ग्रीन हाइड्रोजन, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार और सतत औद्योगिक विकास के क्षेत्रों में मजबूत सहयोग का आधार प्रदान करता है।
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में ग्रीन हाइड्रोजन नीति-2024 लागू की गई है, जिसके तहत निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है और इसकी जिम्मेदारी यूपीनेडा को सौंपी गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में ग्रीन हाइड्रोजन पायलट परियोजना का वाणिज्यिक संचालन शुरू होना एक बड़ी उपलब्धि है। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के स्वच्छ ऊर्जा प्रयासों की सराहना की और भविष्य में तकनीकी एवं औद्योगिक सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। बैठक में बौद्ध विरासत और पर्यटन सर्किट के माध्यम से सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश और यामानाशी प्रांत के बीच यह सहयोग आने वाले समय में ग्रीन एनर्जी, नवाचार और औद्योगिक विकास के क्षेत्रों में नई संभावनाएं खोलेगा तथा भारत-जापान साझेदारी को और सशक्त बनाएगा।
इसके अलावा, 'एक जिला, एक व्यंजन' (ओडीओसी) योजना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की योजना है। अप्रैल-मई में जापान में फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा, जिस पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के साथ प्रतिनिधिमंडल की बैठक में सहमति बनी। मंत्री ने आगरा, लखनऊ और वाराणसी जैसे शहरों में उपलब्ध गोल्फ कोर्स का जिक्र करते हुए जापान की गोल्फ परंपरा को देखते हुए खेल पर्यटन में सहयोग के अवसरों पर चर्चा की।
यामानाशी प्रांत के उप-राज्यपाल जुनिची इशिडोरा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित जापान यात्रा को महत्वपूर्ण अवसर बताया। अगस्त में लगभग 200 सदस्यों का जापानी प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश आएगा, जिससे व्यापार, वाणिज्य, पर्यटन और सांस्कृतिक सहयोग को नया आयाम मिलेगा। इन्वेस्ट यूपी के सहयोग से ऊर्जा विभाग और यूपीनेडा के साथ हुई चर्चा में ग्रीन हाइड्रोजन तथा अक्षय ऊर्जा में निवेश अवसरों की तलाश पर फोकस रहा।
