UP: OBC युवाओं को मिलेगी AI की ट्रेनिंग, 7 जिलों में बनेंगे नए छात्रावास
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने ओबीसी छात्रों के कौशल विकास और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए दो नई योजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत ओबीसी युवाओं को अब कंप्यूटर प्रशिक्षण के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भी ट्रेनिंग दी जाएगी। वहीं, प्रदेश के सात जिलों में ओबीसी छात्र-छात्राओं के लिए नए छात्रावासों का निर्माण भी किया जाएगा।
पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि विभाग द्वारा पहले से ही ओबीसी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें ‘ओ लेवल’ और ‘ट्रिपल सी’ जैसे कोर्स शामिल हैं। अब बदलते तकनीकी दौर को देखते हुए इसे और विस्तार देते हुए ‘मुख्यमंत्री तकनीकी दक्षता प्रशिक्षण योजना’ का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें AI प्रशिक्षण को भी शामिल किया जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी के लिए भेजा गया है और इसे मौजूदा कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के साथ जोड़ा जाएगा।
इसके साथ ही विभाग ने ‘मुख्यमंत्री छात्रावास निर्माण योजना’ के तहत सात ऐसे जिलों में छात्रावास बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है, जहां अब तक ओबीसी छात्रों के लिए कोई भी आवासीय सुविधा उपलब्ध नहीं है।
मंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेश में 102 छात्रावासों का निर्माण किया जा चुका है, जिनमें 59 छात्र और 43 छात्राओं के लिए हैं। इनकी कुल क्षमता लगभग 5400 विद्यार्थियों की है।
उन्होंने आगे बताया कि नए छात्रावासों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 24 करोड़ रुपये की मांग भेजी गई है। केंद्र से धनराशि प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
