Movie prime

UP फार्मा कॉन्क्लेव: मेडिकल डिवाइस और नई दवाओं पर सहयोग के लिए एमओयू हुए साइन, CM योगी ने कहा - अपराध पर..
 

 
 UP फार्मा कॉन्क्लेव: मेडिकल डिवाइस और नई दवाओं पर सहयोग के लिए एमओयू हुए साइन, CM योगी ने कहा - अपराध पर..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ I राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित होटल ताज में मंगलवार को वैश्विक निवेशकों और उद्यमियों का महासंगम 'उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0' आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया, जिसमें उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार ने फार्मास्यूटिकल और मेडिकल डिवाइस क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 11 प्रमुख कंपनियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों के तहत मेडिकल डिवाइस और नई दवाओं के विकास पर संयुक्त शोध एवं उत्पादन पर फोकस किया जाएगा। यह कदम उत्तर प्रदेश को फार्मा और मेडिकल डिवाइस का प्रमुख हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधन में कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस बीमारी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि तब सुरक्षा की कमी के कारण उद्यमी पलायन कर रहे थे, लेकिन अब जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। अपराधियों में कोई अपना-पराया नहीं होगा, कानून सबके लिए समान रूप से लागू होगा।

सीएम योगी ने आगे बताया कि उत्तर प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। राज्य में बेरोजगारी दर न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है। प्रदेश में लैंड बैंक उपलब्ध है और प्रयासों से परिणाम मिल रहे हैं। ललितपुर में प्रदेश के पहले फार्मा पार्क के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा किया गया है और इसका विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही, राज्य में सेंटर लेवल की लैबोरेट्री पहले से मौजूद हैं।

यह कॉन्क्लेव उत्तर प्रदेश फार्मास्यूटिकल एवं मेडिकल डिवाइस इंडस्ट्री पॉलिसी 2023 के तहत निवेशकों को आकर्षित करने का प्रयास है, जिसमें कैपिटल सब्सिडी, स्टांप ड्यूटी में छूट और अन्य प्रोत्साहन शामिल हैं। कार्यक्रम से राज्य में नए निवेश, रोजगार सृजन और स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।