UP पुलिस प्रमोशन: 121 उप निरीक्षक इंस्पेक्टर बने, 384 हेड कांस्टेबल को मिला SI का पद
लखनऊ I उत्तर प्रदेश पुलिस में पदोन्नति का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। डीजीपी मुख्यालय ने नागरिक पुलिस के 121 उप निरीक्षकों को निरीक्षक (इंस्पेक्टर) के पद पर प्रोन्नत कर दिया है। साथ ही, 384 मुख्य आरक्षियों को उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने वर्ष 2025 की रिक्तियों के सापेक्ष ज्येष्ठता के आधार पर उपयुक्त पाए गए कर्मियों के नाम डीजीपी मुख्यालय को उपलब्ध कराए थे। इसके बाद डीआईजी स्थापना अखिलेश कुमार चौरसिया ने पदोन्नति संबंधी आदेश जारी किए हैं।
पदोन्नति पाने वाले उप निरीक्षकों (अब निरीक्षक) में लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात कुछ प्रमुख नाम शामिल हैं, जैसे रामस्वरूप, सुनील कुमार सिंह, जयकरन सिंह, प्रमोद कुमार यादव, आशीष त्रिवेदी और संतोष कुमार पटेल।
हालांकि, पदोन्नति प्रक्रिया में 186 उप निरीक्षकों को उपयुक्त नहीं पाया गया, जबकि 82 के लिफाफे उनके खिलाफ चल रही जांच के कारण बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसी तरह, 4 मुख्य आरक्षियों को पदोन्नति के लिए अनुपयुक्त घोषित किया गया और 30 के लिफाफे जांच के चलते बंद रखे गए हैं।
यह पदोन्नति पुलिस कर्मियों के बीच उत्साह का माहौल पैदा कर रही है और सेवा में उनकी मेहनत को मान्यता देने वाली कदम मानी जा रही है। आधिकारिक आदेश यूपी पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
