UP: शिवपाल यादव का ओमप्रकाश राजभर पर तंज, कहा- छोटे स्तर के लोगों का जवाब नहीं, चुनाव में मिलेगा जवाब
आजमगढ़ I आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव शनिवार को पहुंचे। सठियांव क्षेत्र में पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करौली के आवास पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश सरकार और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला।
शिवपाल यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी आजमगढ़ की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि छोटे स्तर के लोगों का जवाब देना उचित नहीं है और ओमप्रकाश राजभर आज उनकी पार्टी की वजह से ही विधायक हैं। शिवपाल ने तंज कसते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी इतनी ही मजबूत है तो उन्हें सीधे प्रधानमंत्री बन जाना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हाल की घटनाएं इन दावों की पोल खोलती हैं।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि “सबका साथ, सबका विश्वास” का नारा देने वाली सरकार ने किसी को भी विश्वास में नहीं लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड टूट चुके हैं। जीएसटी वसूली और बजट खर्च को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही गड्ढा मुक्त सड़कों के दावे को भी उन्होंने विफल बताया।
इस दौरान उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर दर्ज मुकदमे के मामले में भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है और उन्हें न्यायालय से राहत भी मिली है। न्याय उन्हें अदालत से ही मिलेगा।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी लोग उन्हें दो बार प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन वे राज्यसभा जाकर ही संतुष्ट हो गए।
