Movie prime

CM योगी ने 18 विधानसभा सीटों के आंकड़ा देकर समझाया कैसे कट 1.27 करोड़ वोट, छूटे हुए वोटरों के नाम जुड़वाने पर जोर

उत्तर प्रदेश में SIR को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा की कार्यशाला में 18 विधानसभा सीटों के आंकड़े पेश किए। उन्होंने दावा किया कि कई सीटों पर भाजपा की जीत के अंतर से ज्यादा हिंदू वोट कटे हैं। योगी ने कार्यकर्ताओं से छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने को कहा।

 
CM
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से नाम कटने का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में 18 विधानसभा सीटों के आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि कई सीटों पर 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के अंतर से अधिक हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से कटे हैं। उन्होंने इसे पार्टी के लिए चिंता का विषय बताते हुए कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में छूटे हुए नाम जुड़वाने के लिए पूरी ताकत से जुटने को कहा।

योगी ने सहारनपुर, सीतापुर और मुरादाबाद के आंकड़े रखे

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने बताया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से नाम कटने का आंकड़ा भाजपा की पिछली जीत के अंतर से अधिक है। उन्होंने सहारनपुर नगर, सीतापुर और मुरादाबाद नगर सीटों का उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, सहारनपुर नगर सीट पर 2022 के चुनाव में भाजपा 7,434 वोटों से जीती थी, जबकि एसआईआर में 17,330 हिंदू मतदाताओं के नाम कम हुए हैं। सीतापुर में भाजपा की जीत का अंतर 1,253 वोट था, जबकि यहां 6,065 वोट घट गए। इसी तरह मुरादाबाद नगर सीट पर भाजपा 782 वोटों से जीती थी, जबकि मतदाता सूची में 5,223 वोट कम हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने मेरठ दक्षिण, अलीगढ़, बरेली कैंट, धामपुर, फरीदपुर, औराई, नकुड़, सुलतानपुर, जौनपुर, पीलीभीत नगर और छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि इन सीटों पर भी मतदाताओं के नाम कटने से भाजपा को नुकसान की आशंका है।

हिंदू मतदाताओं की उदासीनता पर जताई चिंता

मुख्यमंत्री ने कार्यशाला में कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जागरूकता दिखाई, जबकि हिंदू मतदाताओं में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखी। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस स्थिति को गंभीरता से लेने को कहा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की मौजूदा जनसंख्या के अनुपात में करीब 2.5 करोड़ मतदाता कम हैं। योगी ने शादी के बाद महिलाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से जुड़ी समस्या भी उठाई। उनके अनुसार, शादी के बाद हिंदू लड़कियों का नाम मायके की मतदाता सूची से कट जाता है, लेकिन ससुराल में उनका नाम दर्ज कराने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रवासी श्रमिकों और मजदूरों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की जरूरत पर भी उन्होंने जोर दिया।

66 लाख लोगों के नाम पंचायत सूची में, विधानसभा सूची से गायब

योगी आदित्यनाथ ने कार्यशाला में दावा किया कि प्रदेश में 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। इसके अलावा 55 लाख लोग सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, लेकिन उनके नाम भी मतदाता सूची में नहीं मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले 30 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में एसआईआर के दौरान हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट कटने की बात कही थी। शुक्रवार की कार्यशाला में उन्होंने इन आंकड़ों के आधार पर कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची की कमियों को दूर कराने का निर्देश दिया।

17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) में भाजपा संगठन को पूरी ताकत से काम करना होगा। इसके लिए नए और पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराने, छूटे हुए नाम जुड़वाने और मतदाता सूची में मौजूद गलतियों को ठीक कराने के लिए विशेष संपर्क अभियान चलाने की जरूरत है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे दूसरे काम छोड़कर मतदाता सूची को दुरुस्त कराने में जुटें। मुख्यमंत्री ने बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों की कम मतदान भागीदारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसी इमारतों के नीचे ही मतदान केंद्र बनाए जाएं, ताकि वहां रहने वाले लोगों को मतदान करने में आसानी हो।