UP Special TET 2026: आवेदन का आखिरी मौका कल, 3 नवंबर को होगी परीक्षा; जानें फीस और एग्जाम पैटर्न
उत्तर प्रदेश स्पेशल टीईटी 2026 के लिए आवेदन करने की समय-सीमा समाप्त होने वाली है। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार 4 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in के माध्यम से पूरी की जा सकती है।
आवेदन फॉर्म में किसी प्रकार की गलती होने पर उम्मीदवारों को उसमें सुधार का मौका भी दिया जाएगा। फॉर्म करेक्शन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय में तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन पूरा कर लें।
कौन कर सकता है आवेदन?
स्पेशल टीईटी के लिए प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने वाले पात्र शिक्षक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों की आयु की गणना 3 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
परीक्षा के लिए अधिकतम आयु सीमा 60 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का प्रावधान है।
कितनी है आवेदन फीस?
UP Special TET 2026 के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार तय किया गया है। जनरल, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं एससी और एसटी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है।
3 नवंबर को होगी परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से स्पेशल टीईटी परीक्षा 3 नवंबर 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षा से करीब 10 दिन पहले एग्जाम सिटी स्लिप जारी किए जाने की बात कही गई है, जबकि एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले उपलब्ध कराया जाएगा।
ऐसा रहेगा एग्जाम पैटर्न
स्पेशल टीईटी परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। पेपर कुल 150 अंकों का होगा और उम्मीदवारों को इसे हल करने के लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय दिया जाएगा।
परीक्षा में गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी, इसलिए उम्मीदवार सभी प्रश्नों को हल करने का प्रयास कर सकते हैं।
उम्मीदवार आवेदन और परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस जरूर देखते रहें।
