UP में कोहरे का कहर: 8 जिलों में स्कूल बंद, 30 से ज्यादा ट्रेनें लेट, 24 गाड़ियों की टक्कर में 1 की मौत, 40 घायल
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। 35 जिलों में विजिबिलिटी शून्य रही, जिससे 8 बड़े सड़क हादसों में एक की मौत और 40 लोग घायल हुए। कई जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं, ट्रेनें घंटों लेट चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले दिनों में बारिश और बढ़ती ठंड का अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ/वाराणसी: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। कड़ाके की ठंड के बीच प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। घने कोहरे के कारण प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर सड़क हादसे सामने आए, जिनमें एक व्यक्ति की मौत और 40 से अधिक लोग घायल हो गए।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, सहारनपुर और संभल में कक्षा 8वीं तक के स्कूल 17 जनवरी तक बंद कर दिए हैं। वहीं 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं हाइब्रिड मोड में संचालित की जा रही हैं।
हाईवे पर हादसों की बाढ़, 8 बड़े एक्सीडेंट
मैनपुरी: स्कूली बच्चों से भरी इको वैन को ट्रक ने टक्कर मार दी। वैन चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि 6 बच्चे घायल हुए।
श्रावस्ती: NH-730 पर ट्रक और कंटेनर की भिड़ंत में दो लोग घायल।
रामपुर: तेज रफ्तार कैंटर ने तीन वाहनों को टक्कर मारी।
फिरोजाबाद: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस पलटी, 7 घायल, 4 की हालत गंभीर।
अलीगढ़: जीटी रोड पर कोहरे में कई वाहन आपस में टकराए।
संभल: आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर पिकअप और कैंटर की भिड़ंत, 3 घायल।
गोंडा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर।
इटावा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो स्लीपर बसों की टक्कर, 7 यात्री घायल।
तापमान 4°C तक गिरा, राम मंदिर भी कोहरे में ओझल
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते रात का न्यूनतम तापमान कई जिलों में 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
अयोध्या में राम मंदिर तक 10 मीटर की दूरी से दिखाई नहीं दे रहा था।
कानपुर, अयोध्या, हरदोई, बिजनौर, बाराबंकी और रायबरेली समेत 15 से अधिक जिलों में तापमान 5°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
ट्रेनें घंटों लेट, VIP सेवाएं भी प्रभावित
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा।
गोरखपुर-लखनऊ रूट पर 30 से अधिक ट्रेनें 1 से 10 घंटे तक लेट रहीं।
वंदे भारत और शताब्दी जैसी VIP ट्रेनें भी निर्धारित समय पर नहीं चल सकीं।
3 दिन बारिश और बढ़ती ठंड का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 21 जनवरी तक हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
इसका असर यूपी में भी पड़ेगा और अगले 5 दिनों तक ठंड और कोहरा जारी रहने का अनुमान है।
आने वाले 3 दिनों में बारिश की भी संभावना जताई गई है।
