Movie prime

जनगणना 2027 के आंकड़ों से तय होगी UP के विकास की प्राथमिकताएं: CM योगी
 

 
 जनगणना 2027 के आंकड़ों से तय होगी UP के विकास की प्राथमिकताएं: CM योगी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनगणना 2027 के आंकड़ों से उत्तर प्रदेश में विकास योजनाओं की प्राथमिकताएं तय करने में मदद मिलेगी। सोमवार को लखनऊ के लोकभवन में जनगणना से जुड़े कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़ों से पता चलेगा कि किस इलाके में स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क या अन्य बुनियादी सुविधाओं की ज्यादा जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अधिकांश विकास योजनाएं अब तक 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर आधारित रही हैं। नई जनगणना से अलग-अलग क्षेत्रों की आबादी और समाज के विभिन्न वर्गों की मौजूदा सामाजिक-आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलेगी। इससे सरकार स्थानीय जरूरतों के हिसाब से योजनाएं बना सकेगी और प्रशासन को उन्हें लागू करने में मदद मिलेगी।

मुसहर समुदाय का उदाहरण देकर समझाई सही आंकड़ों की अहमियत

सीएम योगी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुसहर समुदाय का उदाहरण देते हुए कहा कि कई परिवार लंबे समय तक आवास, राशन कार्ड और अन्य बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। उन्होंने कहा कि कुछ परिवारों के पास उस जमीन का मालिकाना हक भी नहीं था, जिस पर उनकी झोपड़ी बनी थी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यदि इन परिवारों की वास्तविक स्थिति पहले सामने आई होती, तो उन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहले पहुंचाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद इस समुदाय को योजनाओं से जोड़ने के लिए अलग से कार्ययोजना बनानी पड़ी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना में किसी परिवार या समुदाय के छूट जाने से उसकी जरूरतें सरकारी योजनाओं में नजरअंदाज हो सकती हैं। उन्होंने उदाहरण दिया कि कहीं एक ही इलाके में तीन स्कूल हैं, तो कहीं कई किलोमीटर तक एक भी स्कूल नहीं है। उनके मुताबिक, नए आंकड़े ऐसी असमानताओं की पहचान करने और जरूरत वाले इलाकों में सुविधाएं पहुंचाने में मदद करेंगे।