स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों के परिजनों को मुख्यमंत्री योगी ने किया सम्मानित, वीरता और बलिदान को किया नमन
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की रक्षा और सम्मान के लिए अदम्य साहस दिखाने वाले वीर सैनिकों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि इन वीरों के सर्वोच्च बलिदान ने देश का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है।
समारोह में मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद लेफ्टिनेंट हरी सिंह बिष्ट की माता शांति बिष्ट और शौर्य चक्र से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल अमित मोहिंद्रा के पिता एचएस मोहिंद्रा को सम्मानित किया गया। शौर्य चक्र से सम्मानित कर्नल भरत सिंह तथा वीर चक्र से सम्मानित शहीद नायक राजा सिंह की पौत्रवधू राजेश्वरी देवी को भी मुख्यमंत्री ने सम्मान प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन विजय में शहीद मेजर रितेश शर्मा के पिता सत्य प्रकाश शर्मा, वायुयान दुर्घटना में शहीद एनसी पुताली के भाई मुन्नी लाल, ऑपरेशन रक्षक में शहीद नायक अरुण कुमार त्रिपाठी के पिता हवलदार ओमप्रकाश त्रिपाठी और नौसैन्य अभियान में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव की माता प्रजेश यादव को भी सम्मानित किया।
इसके अलावा ऑपरेशन पवन में शहीद राजवीर सिंह की पत्नी सुमन देवी, ऑपरेशन रक्षक में शहीद सिगनलमैन हर्षवर्धन सिंह की पत्नी शमा देवी, सेना मेडल से सम्मानित राजपूत रेजीमेंट के हवलदार पंकज सिंह की पत्नी शक्ति सिंह और सेना मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल मेजर प्रभांशु सिंह के बड़े भाई प्रांजल सिंह को भी सम्मान मिला।
समारोह में सीआरपीएफ के शहीद रक्षाराम की पत्नी सीता सुंदरी, शहीद दिवाकर तिवारी की पत्नी संतोष तिवारी और लांस नायक शहीद बचान सिंह की पत्नी मुन्नी देवी को भी सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीर सैनिकों और शहीदों के परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
