महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, बोले— बापू के आदर्श आज भी विश्व को...
लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया। श्रद्धा और सम्मान से भरे इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और कुछ क्षण मौन रहकर राष्ट्रपिता को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन 'रघुपति राघव राजाराम' सहित अन्य भजनों की मधुर प्रस्तुति दी, जिससे पूरा जीपीओ पार्क भजनों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी ने लगभग 15 मिनट तक एकाग्रता से भजनों को सुना और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। इस दौरान उन्होंने गांधी प्रतिमा के समक्ष सभी स्कूली बच्चों के साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा: "राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। श्रद्धेय बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की उनकी अडिग साधना और मानवता के प्रति अनन्य करुणा, संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेगी। आइए, बापू के आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दें।"
सीएम योगी ने आमजन से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और करुणा जैसे आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बापू के ये मूल्य आज भी विश्व को शांति और मानवता का मार्ग दिखाते हैं तथा विकसित भारत के निर्माण में प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।
श्रद्धांजलि समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा और चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
