राहुल संग रैली के सवाल पर अखिलेश यादव ने क्या दिया जवाब, 2027 की रणनीति साफ
Lucknow : अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा संकेत देते हुए कहा है कि आने वाले चुनावों में सहयोगी दलों के साथ गठबंधन जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि गठबंधन में सीटों के बंटवारे से ज्यादा फोकस चुनाव जीतने पर होगा।
लखनऊ में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि वह और राहुल गांधी किस आगामी रैली में एक साथ प्रचार करेंगे, तो उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के गठबंधन का अनुभव पुराना है और पार्टी हमेशा अपने सहयोगियों का सम्मान करती है।
“हमने कभी सहयोगियों को धोखा नहीं दिया”
अखिलेश यादव ने कहा कि हमने कई गठबंधन किए हैं। हमारे पास गठबंधन का अनुभव है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा अपने सहयोगियों के लिए लाभ सुनिश्चित किया है। हमने कभी किसी को धोखा नहीं दिया है। आज जो गठबंधन है, वह आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में गठबंधन की राजनीति सीटों की सौदेबाजी के बजाय चुनावी सफलता सुनिश्चित करने पर आधारित होगी।
सपा प्रमुख ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी मैंने कहा था कि मुद्दा सीटों का नहीं है, मुद्दा जीत का है। यही फॉर्मूला आगे भी काम करेगा। सवाल सीटों का नहीं होगा, सवाल जीत का होगा।
INDIA गठबंधन पर भी दिया जवाब
जब उनसे पूछा गया कि कई राज्यों में INDIA Alliance समान गठबंधन व्यवस्था बनाए रखने में सफल नहीं रहा, तो अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी जानती है कि गठबंधन को कैसे मजबूत बनाए रखना है।
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव का यह बयान विपक्षी गठबंधन की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
