कोर्ट की तरह मतगणना का लाइव टेलीकास्ट क्यों नहीं? – अखिलेश यादव का सवाल
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाए। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव को “मैनेज” करके जीतती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से यह आरोप लगाती रही है कि भाजपा चुनावों को प्रभावित करती है। उन्होंने दावा किया कि मतगणना के दौरान वास्तविक वोटों की गिनती नहीं, बल्कि “मनगणना” होती है। उनके अनुसार, भाजपा पहले से ही माहौल और नैरेटिव तैयार कर लेती है, जिससे लोगों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया जाता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब अदालत की कार्यवाही का लाइव प्रसारण हो सकता है, तो मतगणना की प्रक्रिया का लाइव टेलीकास्ट क्यों नहीं किया जाता। उनका कहना था कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब मिलेगा।
बंगाल चुनाव के संदर्भ में बोलते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि वहां अफसरों और भाजपा की मिलीभगत से “मल्टीलेयर इलेक्शन माफिया” सक्रिय रहा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के 2022 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी केंद्रीय बलों का इस्तेमाल कर सपा कार्यकर्ताओं को पोलिंग और काउंटिंग सेंटर से हटाया गया और परिणाम प्रभावित किए गए।
कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां “वोट की डकैती” हुई और इसे भाजपा का “10 नंबरी मॉडल” बताया, जो पूरे सिस्टम को जकड़ चुका है।
अखिलेश यादव ने पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी जरूरी होती है, तभी सही परिणाम और प्रमाण पत्र मिल पाता है। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान भी ऐसी ही रणनीति अपनाने की बात कही।
इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उपचुनाव के दौरान कुछ महिलाओं ने साहस दिखाते हुए हथियार के सामने खड़े होकर अपने वोट के अधिकार की रक्षा की। अखिलेश ने कहा कि उन्होंने उन महिलाओं से मुलाकात कर उनका सम्मान भी किया और उनके परिवारों की आर्थिक मदद की।
कार्यक्रम के अंत में अखिलेश यादव ने गोरखपुर की आईएससी टॉपर छात्रा आराधना को लैपटॉप देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही अन्य प्रतिभावान छात्रों को भी सम्मानित किया गया।
