Movie prime

UP में 2 करोड़ तिरंगे बनाएंगी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, केशव मौर्य बोले- बढ़ेगा रोजगार और राष्ट्रगौरव
 

 
 UP में 2 करोड़ तिरंगे बनाएंगी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, केशव मौर्य बोले- बढ़ेगा रोजगार और राष्ट्रगौरव
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के तहत इस बार ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 2 करोड़ तिरंगों का निर्माण स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाएं करेंगी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को जनभागीदारी, राष्ट्रभक्ति और महिला सशक्तिकरण का व्यापक जनआंदोलन बनाते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सफल बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के हाथों तैयार होने वाला प्रत्येक तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि महिला शक्ति, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक होगा। इस पहल से लाखों ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ 'हर घर तिरंगा अभियान' आज राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक बन चुका है। उत्तर प्रदेश इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तिरंगों का निर्माण भारतीय ध्वज संहिता के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वयं सहायता समूहों को पारदर्शी व्यवस्था के तहत समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा अभियान के हर चरण में गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने 2 करोड़ से अधिक तिरंगों का सफल निर्माण किया था। इसी अनुभव को देखते हुए वर्ष 2026 में भी ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 2 करोड़ तिरंगों का लक्ष्य तय किया गया है।

अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी, जो निर्माण, गुणवत्ता, आपूर्ति और भुगतान की नियमित समीक्षा करेगी। साथ ही हर जिले के लिए दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर प्रगति की मॉनिटरिंग की जाएगी। तिरंगा निर्माण का कार्य केवल स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाएगा और इसमें किसी भी ठेकेदार या बाहरी संस्था की भागीदारी नहीं होगी।

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि 12 अगस्त 2026 तक सभी तिरंगों की आपूर्ति पूरी कर ली जाए। वहीं, सत्यापन के बाद स्वयं सहायता समूहों के बैंक खातों में ऑनलाइन, आरटीजीएस या पीएफएमएस के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। सभी भुगतान 31 अगस्त 2026 तक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक तिरंगों का निर्माण होता है तो उनकी बिक्री स्थानीय बाजारों और अन्य माध्यमों से भी कराई जा सकती है। साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित तिरंगे खरीदने और सम्मानपूर्वक अपने घरों पर फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

प्रदेश के लोगों से अपील करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' में पूरे उत्साह और गर्व के साथ भाग लें तथा भारतीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्रभक्ति को मजबूत करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और राष्ट्र निर्माण को नई ऊर्जा देने का कार्य करेगा।