योगी कैबिनेट की बड़ी सौगात, टॉप-5 छात्राओं को मिलेगी मुफ्त स्कूटी
Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक आयोजित हुई। बैठक में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना समेत कुल 16 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। आगामी 3 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र से पहले सरकार ने कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई।
कैबिनेट बैठक के बाद उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि महिला सशक्तिकरण और उच्च शिक्षा में छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दी गई है। योजना का लाभ राज्य के सभी सरकारी, निजी, संबद्ध और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों की छात्राओं को मिलेगा।
टॉप-5 मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी
योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक (ग्रेजुएशन) उत्तीर्ण करने वाली प्रत्येक संस्थान की टॉप-5 मेधावी छात्राओं को स्कूटी प्रदान की जाएगी। जिन छात्राओं के परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होगी, उनके लिए वाहन पंजीकरण शुल्क और बीमा का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। साथ ही स्कूटी वितरण के समय 5 लीटर पेट्रोल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
दिव्यांग और शहीद परिवार की छात्राओं को भी लाभ
सरकार के अनुसार स्कूटी की खरीद GeM (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। योजना में दिव्यांग, निराश्रित तथा शहीद परिवारों की छात्राओं को भी शामिल किया गया है। इन श्रेणियों की छात्राओं के लिए मेरिट की अनिवार्यता नहीं होगी।
कैबिनेट बैठक में महिलाओं के लिए छात्रावास, इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार और दो नए एक्सप्रेसवे से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
3 अगस्त से शुरू होगा मानसून सत्र
उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू होगा। इस दौरान विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा चोरी, नीट परीक्षा, बेरोजगारी और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार ने भी सभी मुद्दों पर जवाब देने की रणनीति बनाई है।
