Movie prime

योगी सरकार का फैसला: मकर संक्रांति पर 15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश, सभी सरकारी संस्थान रहेंगे बंद

 
 योगी सरकार का फैसला: मकर संक्रांति पर 15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश, सभी सरकारी संस्थान रहेंगे बंद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ I उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने वर्ष 2026 के अवकाश कैलेंडर में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। मकर संक्रांति के अवसर पर पहले 14 जनवरी को निर्बंधित (ऑप्शनल) अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन अब इसे बदलकर 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, 17 नवंबर 2025 को जारी अवकाश सूची में मकर संक्रांति के लिए 14 जनवरी को केवल निर्बंधित अवकाश रखा गया था, जिसका मतलब था कि सरकारी कर्मचारी अपनी इच्छा से छुट्टी ले सकते थे। लेकिन शासन स्तर पर पुनर्विचार के बाद निर्णय लिया गया कि इस पावन पर्व पर सार्वजनिक अवकाश होना चाहिए। इसलिए 14 जनवरी की जगह 15 जनवरी को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के तहत सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

इस दिन प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल-कॉलेज, बैंक और अन्य सरकारी संस्थान बंद रहेंगे। इससे प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति के त्योहार को पूरे उत्साह से मनाने का अवसर मिलेगा।

इस बदलाव के बाद वर्ष 2026 में कुल सार्वजनिक अवकाशों की संख्या 26 हो गई है, जबकि पहले यह 25 थी। निर्बंधित (ऑप्शनल) अवकाश अब 31 रहेंगे।

विशेष रूप से गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) और होलिका दहन जैसे अवकाश सोमवार को पड़ रहे हैं, जिससे शनिवार-रविवार के साप्ताहिक अवकाश के साथ मिलाकर कई जगहों पर लगातार 3-3 दिनों की छुट्टियां मिलेंगी।

यह फैसला मकर संक्रांति के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए लिया गया है, जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है और उत्तरायण की शुरुआत होती है। प्रदेश में खिचड़ी, तिल-गुड़ और दान-पुण्य की परंपराएं जोर-शोर से मनाई जाती हैं।