CM योगी ने बताया क्यों लिखते हैं जनता को 'पाती', वनटांगिया गांव से जुड़ा है इसकी शुरुआत का किस्सा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वह पिछले 50 सप्ताह से जनता के नाम 'योगी की पाती' क्यों लिख रहे हैं। उन्होंने वनटांगिया गांव के अनुभव को इसकी प्रेरणा बताते हुए कहा कि प्रदेश के 25 करोड़ लोग उनका परिवार हैं और पाती उनके साथ संवाद का आत्मीय माध्यम है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले 50 सप्ताह से अधिक समय से प्रदेश की जनता के नाम नियमित रूप से 'पाती' लिख रहे हैं। अब मुख्यमंत्री ने खुद बताया है कि उन्होंने जनता से संवाद के इस माध्यम को क्यों चुना और इसके पीछे कौन-सा अनुभव रहा। योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोग उनका परिवार हैं और 'योगी की पाती' इसी परिवार के सुख-दुःख, उम्मीदों, उपलब्धियों और संकल्पों से जुड़े रहने का एक आत्मीय माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि हर पाती के जरिए वह प्रदेशवासियों के साथ अपने विचार और भावनाएं साझा करते रहे हैं। उनके लिए यह महज पत्र लिखना नहीं, बल्कि अपने परिवार से संवाद करने का अवसर है। इसी संवाद यात्रा पर आधारित 'योगी की पाती' कॉफी टेबल बुक का विमोचन और प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा।
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, पाती के माध्यम से आपसे संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूर्ण हो गए, पता ही नहीं चला। गत एक वर्ष में लिखे गए ये पत्र मेरे लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप एक व्यापक दृष्टि साझा करने का माध्यम भी बने हैं। मुझे यह जानकर विशेष प्रसन्नता होती है कि इस संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है। आइए, आत्मीय सुख-दुःख की इस संवाद-श्रृंखला को और सुदृढ़ करें। विचारों की यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एक-दूसरे के निकट लाए। हम सब मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 16, 2026
वनटांगिया गांव के अनुभव से मिली पाती लिखने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि जनता के नाम पाती लिखने की प्रेरणा उन्हें वनटांगिया गांव के एक अनुभव से मिली। उन्होंने कहा कि उन्हें आज भी पहली बार वनटांगिया गांव जाने का प्रसंग याद है। उस दौरान कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोगों की स्थिति और वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहने की परिस्थितियों को देखकर वह व्यथित हुए थे।
योगी आदित्यनाथ के अनुसार, उस अनुभव ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि शासन का दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है। उसकी जिम्मेदारी समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है, जिसकी जरूरतें और पीड़ा कई बार व्यवस्था तक नहीं पहुंच पातीं। इसी अनुभव से उनके मन में शासन और जनता के बीच लगातार संवाद और संवेदनशील जुड़ाव की जरूरत का भाव और मजबूत हुआ।
'मुख्यमंत्री और जनता के बीच रिश्ता औपचारिक न रहे'
सीएम योगी ने कहा कि उनकी भावना थी कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उत्तर प्रदेश उनके लिए सिर्फ एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। उनके मुताबिक, परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व के साथ संवाद होता है।
उन्होंने बताया कि पाती के माध्यम से ऐसे विषयों पर प्रदेशवासियों से बात करने का प्रयास किया गया है, जो सीधे उनके जीवन, आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े हैं। इस संवाद का उद्देश्य सुख-दुःख की साझेदारी, आपसी विश्वास और सहभागिता को मजबूत करना है।
'पाती में जनता के सुझाव और अपेक्षाएं भी हों शामिल'
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में लिखे गए पत्र उनके लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और उन्हें स्वर देने का माध्यम भी बने हैं। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि इस संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं से बाहर देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंची है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। वह चाहते हैं कि 'योगी की पाती' केवल उनके विचारों तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें जनता के मन की बात, अपेक्षाओं और सुझावों को भी समान स्थान मिले। उनके मुताबिक, लोगों की आवाज और सहभागिता ही इस संवाद को अधिक सार्थक बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस संवाद श्रृंखला को और मजबूत बनाने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि विचारों की यह साझेदारी सरकार और समाज को एक-दूसरे के करीब लाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प भी दोहराया।
