H1N1 को लेकर योगी सरकार का बड़ा फैसला, मुफ्त जांच से अलग ICU तक… जानें नए निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में H1N1 संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए योगी सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में अब तक 685 H1N1 मामलों की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संक्रमण की रोकथाम, जांच और इलाज की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में H1N1 की जांच निशुल्क उपलब्ध कराई जाए। इसके तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्तर तक मरीजों को जांच की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
गंभीर मरीजों के लिए अलग ICU की व्यवस्था
सरकार ने गंभीर H1N1 मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत के अनुसार अलग ICU और फ्लू ओपीडी की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि संक्रमित मरीजों का समय पर उपचार हो सके और संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके।
ज्यादा केस वाले जिलों में बढ़ेगी निगरानी
जिन जिलों में H1N1 के अधिक मामले सामने आ रहे हैं, वहां निगरानी और जांच व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। आशा और ANM कार्यकर्ताओं के जरिए संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निजी अस्पतालों को भी निर्देश
H1N1 की जांच के नाम पर मरीजों से मनमानी वसूली रोकने के लिए निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों को निर्धारित शुल्क का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि मरीजों से तय शुल्क से अधिक रकम नहीं ली जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि H1N1 को लेकर लोगों में अनावश्यक पैनिक न फैलने दिया जाए। लोगों को संक्रमण से बचाव, लक्षण और उपचार से संबंधित सही एवं प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
