सरकारी खर्चों पर योगी सरकार का सख्त एक्शन, अब मेट्रो-बस से चलेंगे मंत्री और अधिकारी
Lucknow : वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय अनुशासन और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सरकारी फ्लीट में कटौती, अनावश्यक यात्राओं पर नियंत्रण और डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग जैसे निर्णयों को प्रशासनिक सुधार के साथ-साथ नई कार्यसंस्कृति की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि आर्थिक संकट केवल राजस्व की कमी तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह संसाधनों पर बढ़ते दबाव, जनसंख्या की बढ़ती जरूरतों और वैश्विक परिस्थितियों की अनिश्चितता से भी जुड़ा होता है। ऐसे समय में सरकारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती संतुलन और संयम बनाए रखने की होती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से सरकारी खर्चों में कटौती की दिशा में पहल करते हुए मंत्रियों और अधिकारियों के सरकारी वाहनों के उपयोग में कमी, वर्चुअल बैठकों को बढ़ावा और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल पर जोर दिया है। सरकार का मानना है कि इससे न केवल सरकारी खर्च कम होगा, बल्कि प्रशासनिक दक्षता भी बढ़ेगी।
नई कार्यसंस्कृति पर जोर
सरकार द्वारा वर्क फ्रॉम होम, डिजिटल कॉन्फ्रेंस और ऑनलाइन बैठकों को प्राथमिकता देने को एक नई कार्यसंस्कृति के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इससे समय और संसाधनों की बचत होगी, साथ ही पर्यावरण पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा।
सरकार ने पीएनजी, मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने की भी अपील की है। इसके साथ ही अनावश्यक खर्च और विलासिता से बचने का संदेश दिया गया है।
“जनता का पैसा सार्वजनिक धरोहर”
विशेषज्ञों का कहना है कि सार्वजनिक धन का विवेकपूर्ण उपयोग किसी भी जिम्मेदार शासन की पहचान होता है। ऐसे समय में जब महंगाई और वैश्विक आर्थिक दबाव बढ़ रहे हैं, तब सरकारी खर्चों में संयम को नैतिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, जब शीर्ष नेतृत्व स्वयं मितव्ययिता का उदाहरण प्रस्तुत करता है, तो उसका असर प्रशासनिक तंत्र से लेकर आम जनता तक दिखाई देता है। इससे सरकार के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होता है।
प्रशासनिक तंत्र के सामने बड़ी चुनौती
हालांकि जानकारों का कहना है कि इन निर्णयों की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि प्रशासनिक तंत्र इसे कितनी गंभीरता से लागू करता है। यदि सचिवालय से लेकर तहसील स्तर तक मितव्ययिता और जवाबदेही की भावना लागू होती है, तो इसका असर केवल राजकोषीय नहीं बल्कि सामाजिक स्तर पर भी दिखाई देगा।
विशेषज्ञों ने इसे “संकट में संयम” की नीति बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में अधिकतम जनसेवा ही सुशासन की असली कसौटी है।
