Varanasi: 50 उद्यमी UP इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखाएंगे काशी की कला का जलवा
Varanasi: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में वाराणसी जिले के 50 उद्यमी अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करने को तैयार हैं। नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो में Varanasi की प्राचीन हस्तशिल्प कला और आधुनिक उत्पादों की छटा बिखरेगी।
Varanasi उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त मोहन कुमार शर्मा ने बताया कि 30 हस्तशिल्पी वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के तहत लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी और सिल्क उद्योग से जुड़े हैं। इसके अलावा 10 एमएसएमई व्यापारी और 10 निर्यातक बनारसी सिल्क साड़ी व कालीन उद्योग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस ट्रेड शो में विश्व भर के खरीदार Varanasi के परंपरागत कारीगरों के हुनर और आधुनिक उत्पादों से रूबरू होंगे, जिससे इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नया अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि महिला उद्यमियों के लिए विशेष स्टॉल की व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने बताया कि 37 विभिन्न सेक्टरों की व्यापारिक और वाणिज्यिक क्षमताओं का प्रदर्शन एक ही छत के नीचे किया जाएगा। यह आयोजन वाराणसी के उद्यमियों के लिए अपनी कला को वैश्विक मंच पर ले जाने का सुनहरा अवसर साबित होगा।
