Varanasi : युवती को प्रेमजाल में फंसा बना लिया अश्लील वीडियो, वायरल करने की धमकी, लड़की की मां ने दर्ज कराई FIR
Varanasi: चौबेपुर क्षेत्र में एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि एक दबंग युवक ने उसकी बेटी को प्रेम के नाम पर फंसाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और अब उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। इस मानसिक तनाव के चलते युवती के पिता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उनकी हालत कई दिनों तक गंभीर बनी रही।
स्कूल जाते समय करता था पीछा और छेड़छाड़
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि बड़ागांव थाना क्षेत्र के पुआरी कलां गांव का रहने वाला सोनू कुमार पटेल उनकी बेटी को स्कूल जाते समय रास्ते में रोकता और छेड़छाड़ करता था। लड़की ने कई बार इस बारे में बताया, लेकिन युवक ने बाद में उसे झांसे में लेकर अपने प्रेम में फंसा लिया। जब लड़की ने रिश्ता तोड़ने की कोशिश की, तो उसने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
Varanasi : दुष्कर्म व दहेज प्रताड़ना के मामले में जेठ को मिली जमानत
धमकाकर बुलाया और बनाया अश्लील वीडियो
महिला ने बताया कि युवक ने बेटी को कई बार डरा-धमका कर मिलने के लिए मजबूर किया और एक मौके पर उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। बेटी की शादी मई में तय हुई तो आरोपी वीडियो और कॉल रिकॉर्डिंग के जरिए दबाव बनाने लगा। यहां तक कि उसने वह रिकॉर्डिंग ससुराल पक्ष तक पहुंचा दी, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई। इसी मानसिक आघात में युवती के पिता ने जहर खा लिया।
वायरल करने की धमकी से सहमा परिवार
महिला ने कहा कि आरोपी अब भी लगातार वीडियो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर डालने की धमकी दे रहा है, जिससे परिवार दहशत में है। मजबूरी में उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
पुलिस ने किया केस दर्ज, आरोपी फरार
इस मामले में चौबेपुर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि महिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
