बारिश थमी, वाराणसी में बढ़ेगी गर्मी की मार, लू का अलर्ट जारी
वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी परिक्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बीते कुछ दिनों की बारिश और बादलों की सक्रियता के बाद अब मौसम दोबारा गर्मी की ओर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग का अलर्ट बुधवार तक ही प्रभावी था, ऐसे में अब बादलों की विदाई के बाद तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
बुधवार सुबह वातावरण में नमी और हल्की ठंडक महसूस की गई। रात में रुक-रुक कर हुई बारिश आधी रात के बाद थम गई, जिसके चलते सुबह हल्के बादल छाए रहे। हालांकि दिन चढ़ने के बावजूद सूरज की तेज तपिश का असर कम ही रहा। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में बादलों की सक्रियता सीमित रहेगी, लेकिन लोकल हीटिंग के कारण छिटपुट बादल बन सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना भी बनी रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, मैदानी क्षेत्रों में प्री-मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं। अनुमान है कि करीब 20 दिनों बाद नौतपा शुरू होगा, जो मानसून के आगमन की राह को और स्पष्ट करेगा।
तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम है। इस महीने लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
बारिश के कारण रात के तापमान में गिरावट आई, जिसका असर दिन के तापमान पर भी पड़ा और अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे ही रहा। वहीं, आर्द्रता का स्तर बढ़कर न्यूनतम 53 प्रतिशत और अधिकतम 66 प्रतिशत तक पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का असर बना रहेगा, लेकिन धीरे-धीरे गर्मी और लू के थपेड़े फिर से लोगों को परेशान कर सकते हैं।
