Movie prime

UP में मानसून की एंट्री: वाराणसी समेत 10 जिलों में बारिश का अलर्ट

 
 UP में मानसून की एंट्री: वाराणसी समेत 10 जिलों में बारिश का अलर्ट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में बहुप्रतीक्षित मानसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है। परंपरागत रूप से सोनभद्र के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून इस बार अपना रास्ता बदलते हुए बलिया जिले की पूर्वी सीमा से उत्तर प्रदेश में दाखिल हुआ। निर्धारित समय से करीब दो दिन की देरी के बाद मंगलवार को मानसून के आगमन से पूर्वांचल के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी गतिविधियां अब तेजी से पूर्वांचल के अन्य जिलों की ओर बढ़ रही हैं। विभाग ने वाराणसी, कुशीनगर समेत 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली और जौनपुर में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा।

दरअसल, मानसून समय पर देश में पहुंच गया था, लेकिन बिहार की राजधानी पटना तक आने के बाद उसकी रफ्तार धीमी पड़ गई थी और वह एक सप्ताह से अधिक समय तक वहीं ठहरा रहा। मौसम विशेषज्ञों को उम्मीद थी कि इस बार भी मानसून सोनभद्र के पारंपरिक मार्ग से प्रदेश में प्रवेश करेगा, लेकिन पूर्वी दिशा में तेज गति के कारण मानसूनी रेखा बलिया जिले तक पहुंच गई और वहीं से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, बलिया से मानसूनी गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं, जबकि सोनभद्र से भी मानसूनी रेखा महज 50 से 100 किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में वहां भी जल्द ही मानसून पहुंचने की संभावना है।

मानसून की दस्तक के साथ ही पूर्वांचल में जारी हीट वेव का असर कमजोर पड़ने लगा है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के कारण सामान्य से कुछ कम बारिश हो सकती है, लेकिन बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर होने वाली वर्षा भी लोगों को गर्मी से बड़ी राहत देगी।

ग्रामीण इलाकों में किसान मानसून की सक्रियता का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विशेषकर सोनभद्र के पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समुदाय खेती-किसानी की तैयारियों में जुटने के लिए मानसून की स्थायी दस्तक का इंतजार कर रहे हैं। अब उम्मीद की जा रही है कि मानसून जल्द ही पूरे पूर्वांचल को भिगोते हुए कृषि कार्यों को रफ्तार देगा।