आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट: इन राज्यों में मौसम बिगड़ेगा, IMD की चेतावनी
आईएमडी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर भारत में आंधी-तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में रेड अलर्ट लागू है। जानिए किन क्षेत्रों में कैसा रहेगा मौसम और तापमान में कितना बदलाव आएगा।
Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में सक्रिय सिस्टम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव होगा।
बदलते सिस्टम का असर, कई राज्यों पर प्रभाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना सिस्टम बिहार की ओर बढ़ रहा है, जबकि झारखंड का सिस्टम पश्चिम बंगाल की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा, उत्तर पाकिस्तान और कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर Punjab और आसपास के इलाकों में देखा जा रहा है।
पूर्वोत्तर में भारी से अत्यधिक बारिश का खतरा
आईएमडी ने बताया कि इस सप्ताह सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मनीपुर और त्रिपुरा में कई जगहों पर अत्यधिक वर्षा की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया गया है। हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और अगले 7 दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों में वेस्ट बंगाल और सिक्किम में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। त्रिपुरा और असम में भी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई। वहीं उत्तराखंड, कर्नाटका और तेलंगाना में ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आईं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में हीटवेव का असर भी देखा गया।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले कुछ दिनों में हल्की बढ़ोतरी और फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिसके बाद फिर उतनी ही बढ़ोतरी संभव है।
मध्य और पूर्वी भारत में भी 1 मई तक तापमान में गिरावट के संकेत हैं, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात में भी हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।
किन-किन राज्यों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कई राज्यों में अलग-अलग स्तर के अलर्ट जारी किए हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों में रेड अलर्ट के साथ अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं बिहार और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों, खासकर कर्नाटक और तेलंगाना में भी भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
