UP Weather Update: पूर्वांचल में बदलेगा मौसम, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर में बारिश और ओलों की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। पूर्वांचल के वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, मिर्जापुर समेत कई जिलों में 19 से 21 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च से 21 मार्च के बीच पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के भी आसार बन रहे हैं। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अगले 24 घंटों के दौरान सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, आगरा, फिरोजाबाद और बिजनौर में ओलावृष्टि की संभावना अधिक जताई गई है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने 19 और 20 मार्च के लिए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 20 और 21 मार्च को बांदा, फतेहपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, एटा, आगरा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, जालौन, हमीरपुर समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर, अयोध्या, लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली समेत कई जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की भी संभावना है।
